मौसम विभाग ने आज यानी कि रविवार के लिए उत्तराखंड के गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में मौसम खराब की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में आने वाले 2 दिनों तक मौसम एक बार फिर से लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने आज यानी कि रविवार के लिए उत्तराखंड के गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में मौसम खराब की चेतावनी जारी की है। आज गढ़वाल मंडल के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा बर्फबारी व कुमाऊं मंडल के जनपदों के कुछ स्थानों में बहुत हल्की से हल्की बारिश बर्फबारी का अनुमान लगाया है। रविवार को 2500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पर्वतीय जिलों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की वजह से राज्य में ठंड और अधिक बढ़ सकती है और तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती। 10 जनवरी को भी मौसम से राहत नहीं मिलेगी और मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। 10 को राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना है। 11 जनवरी को मौसम साफ रहेगा मगर मौसम सर्द बना रहेगा। कुल मिलाकर आने वाले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी प्रदेशवासियों की मुसीबत बढ़ाएगी। बता दें कि बीते कुछ दिनों से मौसम खराब चल रहा है। न्यू ईयर के दौरान मौसम साफ बना रहा मगर उसके बाद से ही मौसम तेजी से करवट बदल रहा है।